ठेकेदार पर 15 हजार रुपये बकाया रखने का आरोप, पीड़ित ने कार्रवाई की लगाई गुहार
अमृतपुर: बाढ़ के दौरान करीब एक माह 20 दिन तक नाव चलाकर लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने वाले नाविक को मेहनताना नहीं मिलने का मामला सामने आया है। ग्राम चिड़वूट निवासी लालाराम ने उपजिलाधिकारी अमृतपुर को शिकायती पत्र देकर ठेकेदार पर करीब 15 हजार रुपये मजदूरी बकाया रखने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर बकाया मजदूरी दिलाए जाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में लालाराम ने बताया कि बाढ़ के दौरान श्री खाट ध्यान मंदिर क्षेत्र में नाव चलाने के लिए ठेकेदार सोनू शर्मा ने उसे काम पर रखा था। प्रतिदिन 400 रुपये मजदूरी देने की बात तय हुई थी। इसके बाद उसने करीब एक माह 20 दिन तक बाढ़ के पानी में नाव चलाकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई।
पीड़ित के अनुसार काम पूरा होने के बाद ठेकेदार की ओर से उसे महज 5 हजार रुपये का भुगतान किया गया। शेष मजदूरी के संबंध में करीब 15 हजार रुपये देने की बात कही गई, लेकिन समय बीतने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
लालाराम का कहना है कि बाढ़ की विषम परिस्थितियों में उसने लगातार नाव चलाकर लोगों की मदद की। इसके बावजूद अपनी मेहनत की मजदूरी के लिए उसे अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पीड़ित ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर बकाया करीब 15 हजार रुपये की मजदूरी दिलाने और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


