लखीमपुर खीरी
कलक्ट्रेट के पास शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी में सोमवार पूर्वाह्न करीब 11:10 बजे एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। गोलियों की आवाज से स्कूल में दहशत फैल गई। स्टाफ ने 400 से अधिक बच्चों को कमरों में सुरक्षित किया। सूचना पर डीएम और एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मोहम्मद सऊद अंसारी (28) शिक्षिका निशात फातिमा (26) से मिलने के लिए स्कूल पहुंचा था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद पहली मंजिल पर कॉरिडोर में युवक ने शिक्षिका पर फायरिंग कर दी। शिक्षिका ने बचने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने दोबारा गोली चलाई। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, युवक और शिक्षिका के बीच पहले से नजदीकी थी और हाल के दिनों में दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। पुलिस को मौके से दो तमंचे, एक कारतूस और चार खोखे मिले हैं। अधिकारियों ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और दोनों की कॉल डिटेल की जांच करने की बात कही है, ताकि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।
मामले में शिक्षिका के भाई की तहरीर पर सऊद अंसारी, उसके पिता कय्यूम अंसारी और कय्यूम की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर युवक की ओर से डाले गए कथित पोस्ट की तारीख और संदर्भ की भी जांच कर रही है। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी।


