मथुरा
बाजना-मुडलिया रोड पर दंगल देखकर लौट रहे 32 वर्षीय अवनीश कुमार उर्फ रवनी पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार को मृतक के बड़े भाई सत्यपाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सतेंद्र ने अपने भाई धीरेंद्र और चचेरे भाई रविंद्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी बाजना की ओर फरार हो गए।
सत्यपाल के मुताबिक, रविवार को वह और अवनीश अलग-अलग बाइक से मुडलिया में दंगल देखने गए थे। दंगल समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे मुडलिया और बाजना के बीच एक बाइक पर सवार सतेंद्र, धीरेंद्र और रविंद्र ने अवनीश की बाइक को ओवरटेक किया और उसके पास पहुंच गए।
आरोप है कि सतेंद्र और धीरेंद्र ने तमंचे निकालकर अवनीश पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। सत्यपाल के अनुसार, हमलावरों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और बाजना की ओर भाग निकले। भाई के पास पहुंचने पर सत्यपाल ने अवनीश को मृत पाया। घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने भी वारदात देखी।
सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद अवनीश का शव गांव मुडलिया पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया और बड़े भाई सत्यपाल ने मुखाग्नि दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


