फर्रुखाबाद। (डिस्ट्रिक्ट 321-B2) लायंस क्लब फर्रुखाबाद सिटी का वर्ष 2026-27 का दायित्व बोध एवं शपथ ग्रहण समारोह ठंडी सड़क स्थित घूंघट पैलेस के हॉल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान वर्ष 2026-27 का स्लोगन ‘सेवा सिद्धाय’ घोषित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शरद अग्निहोत्री, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम लायन विश्वरत्न त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सपना अग्रवाल ने ध्वज वंदना की, जबकि रुचि टंडन ने लायंस क्लब के नैतिक सिद्धांतों की जानकारी दी। कार्यक्रम के चेयरमैन एवं चार्टर अध्यक्ष लायन राजन माहेश्वरी ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया।
गत वर्ष की सचिव सोनल टंडन ने सचिव आख्या प्रस्तुत करते हुए क्लब की ओर से किए गए कार्यों का विवरण रखा। पूर्व अध्यक्षा निमिषा गुप्ता ने वर्षभर आयोजित सफल कार्यक्रमों के लिए क्लब के सदस्यों का आभार जताया। मॉडर्न पब्लिक स्कूल के बच्चों ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ अग्रवाल ने किया।
कानपुर से आए अधिष्ठापन अधिकारी एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पंकज श्रीवास्तव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष लायन मुदित टंडन, सचिव सौरभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोहित गुप्ता सहित पूरी कार्यकारिणी को पद एवं सेवा की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष को आसन ग्रहण कराया।
शपथ ग्रहण समारोह में वर्ष 2026-27 के पदाधिकारियों ने श्री हनुमान, सुग्रीव और श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजसेवा के कार्य करने का संकल्प लिया। वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय लायन सुधीर गुप्ता, झांसी ने अपने विचार रखे। वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम लायन विश्वरत्न त्रिपाठी ने फर्रुखाबाद में क्लब की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शरद अग्निहोत्री ने ‘We Serve’ का संदेश देते हुए लायंस इंटरनेशनल और डिस्ट्रिक्ट स्तर पर संचालित सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एलसीआईएफ को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान सभी सदस्यों को अंतर्राष्ट्रीय पिन प्रदान की गई। सचिव की ओर से विश्व शांति पोस्टर प्रतियोगिता, आई कैंप सहित पिछले वर्षों में किए गए सेवा कार्यों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
समारोह में क्लब की ‘चैरिटी फर्स्ट’ परंपरा भी देखने को मिली। चार्टर अध्यक्ष राजन माहेश्वरी ने गिफ्ट न लेने की परंपरा को कायम रखते हुए अधिकारियों के हाथों से जरूरतमंदों की मदद कराई। राजन माहेश्वरी एवं लतिका माहेश्वरी की ओर से कानोडिया बालिका विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा शिवांगी सक्सेना को, जिसने हाईस्कूल में जनपद में नाम रोशन किया, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शरद अग्निहोत्री एवं उनकी पत्नी रुचि अग्निहोत्री के हाथों साइकिल प्रदान कराई गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुदित टंडन एवं सोनल टंडन ने भी एक साइकिल दान की। वहीं पूर्व अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल एवं सुशील अग्रवाल ने एक जरूरतमंद महिला को पैर से संचालित सिलाई मशीन प्रदान की। सेवा कार्यों की अतिथियों ने सराहना की।
समारोह में लायन राजन माहेश्वरी, प्रमोद अग्रवाल, रवींद्र यादव, पीआरओ संजय गर्ग सहित अन्य सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र, अंगवस्त्र एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। क्लब की ओर से युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में कानपुर, झांसी, कायमगंज, कन्नौज और हरदोई से आए अतिथियों को सम्मानित किया गया। संस्कार भारती, भारत विकास परिषद, नीमा संस्था, दीप संस्था, अभिव्यंजना संस्था सहित नगर के गणमान्य लोग भी समारोह में मौजूद रहे। अंत में उपाध्यक्ष डॉ. रवींद्र यादव ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
लायंस क्लब फर्रुखाबाद सिटी की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, ‘सेवा सिद्धाय’ बना वर्ष का स्लोगन


