*पीड़ित का दावा—जमापुर के पास ट्रक रोककर लाठी-डंडों से की मारपीट, जेब से नकदी निकालकर भागे आरोपी; सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग*
*अमृतपुर*
राजेपुर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक के साथ मारपीट कर उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित चालक आखेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी दरायपुर ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मारपीट में घायल चालक को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित के मुताबिक वह अपने ट्रक से मिर्जापुर से फर्रुखाबाद जा रहा था। राजेपुर से कुछ पहले सड़क किनारे छह-सात युवक मोटरसाइकिलों के साथ खड़े थे। रास्ता देने के लिए ट्रक चालक ने हॉर्न बजाया तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया।
आरोप है कि चालक ट्रक लेकर आगे निकल गया, लेकिन बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया। जमापुर के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने ट्रक को घेर लिया। चालक को ट्रक से नीचे उतारकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय आसपास की दुकानों पर लोग मौजूद थे। उसका दावा है कि दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़ी तस्वीरें रिकॉर्ड हुई हैं। उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थाना अध्यक्ष राजीव पांडे का कहना है कि प्रारंभिक जांच में साइड देने को लेकर ट्रक चालक और बाइक सवारों के बीच विवाद व मारपीट की बात सामने आई है। रुपये छीनने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब जांच का अहम बिंदु सीसीटीवी फुटेज रहेगा, जिससे मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


