33 C
Lucknow
Sunday, September 20, 2026

छात्रों की गूंज में मोदी की नकल पर सियासी घमासान

Must read

 

भाजपा ने कांग्रेस को ‘जोकरों की पार्टी’ बताया तो कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंदाज से मिलते-जुलते हाव-भाव और संवाद किए। राहुल गांधी भी उनके साथ मंच पर नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस को ‘कॉमेडियंस और जोकर्स की पार्टी’ बताया। शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आरोप लगाया कि छात्र संवाद जैसे मंच का इस्तेमाल प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का मजाक उड़ाने और अपमान करने के लिए किया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं की कमी बताया।

वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी उन छात्रों के साथ खड़े हैं, जो सवाल पूछ रहे हैं और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा, भर्ती, परीक्षाओं, आरक्षण, छात्रावास और रोजगार से जुड़े सवाल उठाए।

इंदौर में ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ विषय पर हुए कार्यक्रम में एक छात्रा ने सरकारी परीक्षा पास करने के बावजूद ओबीसी आरक्षण से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के कारण नियुक्ति अटकने का मुद्दा उठाया। छात्रों ने एमपीपीएससी में कथित गड़बड़ियों, शिक्षक भर्ती और आदिवासी छात्रों के छात्रावासों में सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे भी सामने रखे।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि छात्रों के सवालों से डरने वाला एक सिस्टम तैयार हो गया है। उन्होंने शिक्षा, भर्ती और रोजगार के मुद्दों पर छात्रों की आवाज उठाने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजित डोभाल, मोहन भागवत, गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए राजनीतिक और संस्थागत प्रभाव को लेकर अपने आरोप रखे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article