– रोहणी मेला देखकर घर लौट रहा था बाइक सवार
– हालत नाजुक होने पर लोहिया अस्पताल रेफर
कमालगंज/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र की खुदागंज चौकी के सामने सड़क पर रखे मिट्टी से भरे ड्रम से बाइक टकराने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायल युवक को सड़क से उठाकर पुलिस को सूचना दी।
घायल की पहचान रसूलपुर निवासी मुकेश पुत्र रामकिशन के रूप में हुई है। बताया गया कि मुकेश शनिवार को कन्नौज स्थित रोहणी मेले में गया था। मेला देखने के बाद वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान खुदागंज चौकी के सामने सड़क पर रखे मिट्टी भरे ड्रम से उसकी बाइक टकरा गई।
ड्रम से बाइक की जोरदार टक्कर होते ही मुकेश बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर से खून निकलने लगा। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
हादसे के बाद सड़क पर मिट्टी से भरे ड्रम रखे होने को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा शुरू हो गई। लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह सामान रखे जाने से रात के समय वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई। फिलहाल घायल मुकेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।


