तेज आंधी-बारिश के बावजूद उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, राधारानी जन्मोत्सव और महारास की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कमालगंज, फर्रुखाबाद । कस्बे में आयोजित श्री गणेश महोत्सव शनिवार रात भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आया। पूरा कस्बा रोशनी से जगमगा उठा और गणपति दरबार में दर्शन एवं झांकियां देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। कमालगंज के अलावा आसपास के गांवों और पड़ोसी कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
श्री गणेश महोत्सव अब कमालगंज की धार्मिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। शाम होते ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई।
मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से कुछ देर पहले तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इससे आयोजन स्थल पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी, लेकिन महोत्सव से जुड़े सेवादारों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित कर दिया। बारिश थमने के बाद श्रद्धालुओं का उत्साह फिर दिखाई देने लगा और कार्यक्रम निर्धारित रूप से आगे बढ़ा।
इसके बाद विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। मंत्रोच्चार के बीच यजमानों ने पूजन किया और इसके बाद गणपति बप्पा की भव्य आरती हुई। आरती के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘मंगलमूर्ति मोरया’ के जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालु दोनों हाथ उठाकर गणपति के जयकारे लगाते नजर आए।
पूजन एवं आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। ब्रज की संस्कृति और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। राधारानी जन्मोत्सव की मनोहारी झांकी में ‘बरसाने में धूम मचो भारी, लाली को जन्मदिन आयो रे, बधाई हो बधाई’ जैसे भजनों की प्रस्तुति हुई। बधाई गीतों पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए।
इसके बाद महा रासलीला की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को ब्रजमय बना दिया। ‘गोकुल की गोपियों संग मोहन रास रचाए’ जैसे भजन पर कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति और आकर्षक झांकियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में भाजपा एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी के अलावा डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, शशांक मिश्रा, डॉ. गौरव कटियार, संजय कमल, वंश बाजपेई, अध्यक्ष अमित गुप्ता, राजीव गुप्ता, अभय गुप्ता, रुद्र गुप्ता, महेंद्र पाठक, शिवकुमार हलवाई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों, गणपति के जयकारों और ब्रज की धार्मिक झांकियों से कमालगंज का माहौल भक्तिमय बना रहा। देर रात तक श्रद्धालु कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।


