नई दिल्ली: दिल्ली के नरेला स्थित महादेव अपार्टमेंट में शनिवार को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एक हेड कांस्टेबल (Head Constable) और उनकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। दोनों के शव उनके फ्लैट के अंदर मिले। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर दंपती के बच्चे स्कूल से घर लौटे थे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बच्चों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान दंपती के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस इस आशंका समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है कि पहले पत्नी की हत्या की गई और उसके बाद हेड कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि क्या दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या मौत की कोई अन्य वजह रही। घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी वर्तमान तैनाती और अन्य व्यक्तिगत विवरण जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फोरेंसिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


