शमशाबाद, फर्रुखाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार और शासन द्वारा नामित सभासद जितेंद्र कुमार शाक्य ने नगर पंचायत की कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने गौवंश संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए गौशाला परिसर में पौधारोपण किया तथा गौवंश की सेवा की।
कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला परिसर में पौधारोपण के साथ हुई। इसके बाद विधायक डॉ. सुरभि और सभासद जितेंद्र कुमार शाक्य ने गौवंश का विधि-विधान से तिलक किया। गौवंश को अंगवस्त्र पहनाने के साथ फल और गुड़ खिलाकर गौसेवा की गई। इस दौरान मौजूद लोगों को पर्यावरण संरक्षण और गौवंश की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, भूसा गोदाम और स्टॉक रूम का जायजा लिया। उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारे और पानी की व्यवस्था भी परखी। विधायक ने अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार यादव को निर्देश दिए कि गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखी जाए और गौवंश की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके बाद विधायक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। यहां नगरवासियों और सभासदों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। सभासद उमेश कुमार, विक्रम सिंह और राम लड़ेते दिवाकर समेत अन्य सभासदों ने बताया कि लंबे समय से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नहीं हुई है। उन्होंने जल्द बोर्ड बैठक आयोजित कराने की मांग की, ताकि नगर में जलभराव, गंदगी, टूटी सड़कों समेत अन्य समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
विधायक ने नगर की समस्याओं को सुना और संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम लखन राजपूत, अनुज राजपूत, सोरन राजपूत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कान्हा गौशाला पहुंचीं विधायक डॉ. सुरभि, गौवंश को तिलक कर खिलाया गुड़-फल


