आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले दोनों के शव
संभल। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव नेहटा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में आम के पेड़ पर नाबालिग प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवारों को इसकी जानकारी होने के बाद दोनों पर कथित तौर पर बंदिशें लगाई गई थीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
मृतकों में चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव सैजनी निवासी 17 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय युवती शामिल हैं। दोनों के घरों के बीच महज सात-आठ मकानों का अंतर है, जबकि गांव के बाहर दोनों परिवारों के घेर भी एक-दूसरे से सटे हुए हैं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम युवक मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात युवती के भी घर से गायब होने की जानकारी हुई तो दोनों परिवारों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन रातभर गांव और आसपास के इलाकों में दोनों को तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे नेहटा निवासी खेत स्वामी नीरज शर्मा अपने धान के खेत पर पहुंचे। ट्यूबवेल की कोठरी के पास आम के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही बनियाठेर और चंदौसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ विवेक जावला, कोतवाल संत कुमार और बनियाठेर थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए। मौके से युवती की चप्पल मिली, जबकि युवक की जेब से युवती का कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों परिवारों को सावन माह में उनके संबंधों की जानकारी हुई थी, जिसके बाद दोनों पर बंदिशें लगाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।


