UPI के जरिए बैंक खाते से करीब 1.55 लाख रुपये निकाले, धूमनगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार हो गईं। आरोप है कि साइबर ठगों ने UPI के माध्यम से उनके बैंक खाते से करीब 1 लाख 55 हजार रुपये निकाल लिए।
पूजा पाल का बैंक खाता यूबीआई की धूमनगंज शाखा में बताया गया है। रकम निकाले जाने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। उन्होंने साइबर ठगी के साथ-साथ महत्वपूर्ण डाटा लीक होने की आशंका भी जताई है।
शिकायत के आधार पर धूमनगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खाते से हुए UPI लेनदेन और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई और साइबर ठगों ने बैंक खाते अथवा डिजिटल जानकारी तक कैसे पहुंच बनाई। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


