बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसे से मचा हड़कंप, चालक गंभीर घायल
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दूसरे डंपर में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि डंपर के परिचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक परिचालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। मामला थाना अछल्दा क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का है।


