शमशाबाद, फर्रुखाबाद। क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सांड लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। गुरुवार शाम करीब छह बजे कस्बा फैजबाग में कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित पशु बाजार के निकट एक आवारा सांड ने 40 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर उसे उठाकर पटक दिया। हादसे में उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति सड़क से गुजर रहा था, तभी सांड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। सांड ने उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडों की मदद से सांड को वहां से भगाया।
घटना की सूचना फैजबाग पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी था। ग्रामीणों ने आवारा सांडों को पकड़वाकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
आवारा सांड ने अधेड़ को उठाकर पटका, सिर फटा


