29 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

निर्यात क्लस्टर बनाकर आम का निर्यात बढ़ाने के मंडलायुक्त ने दिए निर्देश

Must read

– लखनऊ मंडल में कृषि निर्यात बढ़ाने पर हुआ मंथन
– मलिहाबादी दशहरी को ओडीओपी में शामिल करने की तैयारी

लखनऊ। कृषि निर्यात नीति के तहत गठित मंडल स्तरीय कृषि निर्यात निगरानी समिति की बैठक में लखनऊ मंडल से कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने की।

मंडलायुक्त ने लखनऊ में आम निर्यात क्लस्टर गठित कर आम के निर्यात को बढ़ाने के लिए कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार तथा उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम उत्पादन में निर्यात योग्य गुणवत्ता वाले आमों का प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रभावी उपायों की एसओपी तैयार कर आम उत्पादकों को प्रशिक्षण दिया जाए।

बैठक में आम की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप बनाने पर विशेष जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम उत्पादकों को निर्यात की प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और आवश्यक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने सफल निर्यातकों और किसानों के अनुभवों को सामने लाते हुए ‘सक्सेस स्टोरी’ तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि अन्य उत्पादकों और निर्यात से जुड़े हितधारकों को प्रोत्साहित किया जा सके। आयातक देशों के मानकों के अनुसार पेस्टीसाइड रेजीड्यू का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कृषि उत्पादकों को आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य आम की फसल में कीट प्रबंधन के साथ-साथ निर्यात योग्य गुणवत्ता बनाए रखना है।

मंडलायुक्त ने उन्नाव में पैक हाउस बनवाने की कार्यवाही में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। पैक हाउस जैसी सुविधाओं को निर्यात की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया गया। बैठक में मौजूद निर्यातकों ने लखनऊ एयरपोर्ट से आम के निर्यात के दौरान फ्लाइट में पर्याप्त स्पेस उपलब्ध नहीं होने की समस्या मंडलायुक्त के सामने रखी। इस पर मंडलायुक्त ने एयरलाइंस के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में मलिहाबादी दशहरी आम, जो जीआई उत्पाद है, को एक जनपद एक उत्पाद योजना में शामिल करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मंडलायुक्त ने एमएसएमई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलिहाबादी दशहरी की पहचान को और मजबूत करने तथा इसके बाजार विस्तार के लिए निर्यात की संभावनाओं पर प्रभावी ढंग से काम किया जाना चाहिए।

बैठक का संचालन संजय कुमार, सहायक विपणन अधिकारी, लखनऊ ने किया। बैठक में मंडी परिषद लखनऊ के उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) राम जी मिश्र, संयुक्त कृषि निदेशक अजय कृष्ण, उप निदेशक उद्यान देवश वर्मा, एपीडा के एसोसिएट आलोक मिश्रा, पीक्यूएस लखनऊ के प्रदीप चिब, वनस्पति संरक्षण संगरोध एवं संग्रह निदेशालय के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष/वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. अखिलेश कुमार दुबे, अपर निदेशक पशुपालन डा. अजय कुमार कनौजिया, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार पाण्डेय तथा मत्स्य विभाग की उप निदेशक सृष्टि यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article