स्कूली बच्चों समेत राहगीर परेशान
अमृतपुर। गंगा की बाढ़ के तेज बहाव ने फखरपुर गांव जाने वाली सड़क की दो पुलिया क्षतिग्रस्त कर दी हैं। पुलिया टूटने के साथ सड़क पर करीब दो-दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार सुबह से सड़क की स्थिति और खराब हो गई। पुलिया क्षतिग्रस्त होने तथा गहरे गड्ढों के कारण चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी तेज बहाव के साथ सड़क के ऊपर से गुजरा, जिससे पुलिया और सड़क को नुकसान पहुंचा।
राहगीरों ने बताया कि सड़क खराब होने से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो हादसा भी हो सकता है।
ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को फोन पर दी है। इसके बावजूद अभी तक पीडब्ल्यूडी विभाग का कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। जेई वीर बहादुर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी श्वेता साहू ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलिया की जल्द मरम्मत कराने और सड़क को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है।


