ररौंख गांव के आसपास सर्च ऑपरेशन जारी, पंजों के निशान मिलने से ग्रामीणों में बढ़ा भय
कानपुर देहात। ररौंख गांव में जंगली जानवर के हमले में किसान राम प्रकाश पाल की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। इसी बीच एक किसान द्वारा कथित तौर पर तेंदुए की तस्वीर खींचे जाने की जानकारी सामने आई है। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, ररौंख गांव में नलकूप पर सो रहे करीब 65 वर्षीय किसान राम प्रकाश पर शुक्रवार रात जंगली जानवर ने हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और वन विभाग ने मौके पर जांच शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार गांव और आसपास के खेतों में जंगली जानवर की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पंजों के निशान मिलने से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। लोग रात के समय खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं और बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं।
हालांकि, राम प्रकाश की मौत के लिए जिम्मेदार जानवर और वायरल तस्वीर में दिख रहे जानवर की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किस वन्यजीव ने किया था।


