कई स्पर्धाओं में हासिल किए प्रथम स्थान
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित तीसरी कानपुर जोन महिला एवं पुरुष एथलीट प्रतियोगिता में फतेहगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किए। प्रतियोगिता में कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग की 14 स्पर्धाओं में फतेहगढ़ के खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में बाजी मारकर अपनी खेल प्रतिभा का दम दिखाया।
पुरुष वर्ग की 300 मीटर दौड़ में फतेहगढ़ के नितिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जालौन के शिवम दूसरे स्थान पर रहे। पांच किलोमीटर दौड़ में जालौन के पवन ने पहला और शुभम कश्यप ने दूसरा स्थान पाया। 10 किलोमीटर दौड़ में भी पवन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर नगर के नारायण दूसरे स्थान पर रहे।
20 किलोमीटर वॉक चाल में फतेहगढ़ के कृष्णकांत ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। कानपुर नगर के आनंद शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। हैमर थ्रो में फतेहगढ़ के मुकेश बाजपेई ने पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद पोल वॉल्ट में भी मुकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में दोहरी सफलता दर्ज की। कानपुर के पंकज भाटी पोल वॉल्ट में दूसरे स्थान पर रहे।
110 मीटर बाधा दौड़ में फतेहगढ़ के इंद्रभान ने प्रथम और कुणाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर बाधा दौड़ में फतेहगढ़ के चिराग ने बाजी मारी, जबकि झांसी के सौरव दूसरे स्थान पर रहे। त्रिकूद में फतेहगढ़ के नवीन प्रथम और अनुज दूसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में फतेहगढ़ के अजय ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर के नारायण सिंह दूसरे स्थान पर रहे।
साइकिलिंग स्पर्धाओं में भी फतेहगढ़ के खिलाड़ियों का प्रदर्शन दमदार रहा। 20 किलोमीटर साइकलिंग में फतेहगढ़ के राघवेंद्र विक्रम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 40 किलोमीटर साइकलिंग में फतेहगढ़ के रंजीत ने बाजी मारी, जबकि झांसी के मयंक रत्ना दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में कानपुर नगर के अभय नारायण प्रथम और कानपुर देहात के राजकुमार दूसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 400 मीटर दौड़ में जालौन की अंशिका ने प्रथम और कन्नौज की ज्योति ने दूसरा स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर वॉक चाल में कानपुर नगर की खुशबू पहले स्थान पर रहीं, जबकि फतेहगढ़ की ज्योति पंवार ने दूसरा स्थान हासिल किया। हैमर थ्रो में फतेहगढ़ की प्रियंका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और कानपुर नगर की वर्षा शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं।
15 किलोमीटर साइकलिंग में इटावा की ललिता यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फतेहगढ़ की विजयलक्ष्मी दूसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में फतेहगढ़ के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। खिलाड़ियों की उपलब्धि से पुलिस लाइन मैदान में मौजूद अधिकारियों और साथी खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।


