लखनऊ। प्रदेश के बुनकरों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में उपयोग होने वाले विभिन्न उत्पादों की खरीद बुनकर समितियों से किए जाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इसके तहत अस्पतालों में बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज जैसे उत्पादों की आपूर्ति हथकरघा क्षेत्र से कराने पर जोर दिया जा रहा है। इससे बुनकर परिवारों को नियमित बाजार मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस संबंध में मंत्री राकेश सचान ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कार्ययोजना को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उत्पादों की आपूर्ति समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए और बुनकर समितियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाए।
सरकार की इस पहल से हथकरघा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने और बुनकर परिवारों की आय में स्थायी वृद्धि की उम्मीद है।
बुनकरों को मिलेगा सरकारी बाजार, अस्पतालों में होगी हथकरघा उत्पादों की आपूर्ति


