लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में अपराध की घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा दी है। लखनऊ में 24 घंटे के अंदर दो हत्याओं से सनसनी फैल गई है, जबकि चार दिनों में हत्या (murder) की यह तीसरी वारदात है। ताजा मामला कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बारा-बिरवा स्थित मानसरोवर मार्केट का है, जहां आज मंगलवार सुबह करीब 30 वर्षीय महिला का शव लहूलुहान हालत में बरामद हुआ। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
आसपास के लोगों ने मंगलवार सुबह मार्केट के बरामदे में महिला का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय राधा के रूप में हुई है।
कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के अनुसार, महिला घुमंतू जीवन बिताती थी। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि वह भोला नाम के एक व्यक्ति के साथ सड़क किनारे रहती थी। घटना के बाद से भोला लापता बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
इससे पहले सोमवार को कृष्णानगर क्षेत्र में 32 वर्षीय मजदूर रामबाबू मौर्या की हत्या कर दी गई थी। उसका शव सड़क किनारे मौरंग के ढेर पर मिला था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। रामबाबू काकोरी के गोलाकुआं गांव का रहने वाला था और मजदूरी करता था।
चार दिन में तीसरी घटना शनिवार को मड़ियांव इलाके में हुई थी। नगर निगम से रिटायर्ड सुपरवाइजर मगन बिहारी तिवारी अपने पोते के साथ बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। रास्ते में रॉन्ग साइड से आ रहे कबाड़ी के ठेले को टोकने पर विवाद हुआ। आरोप है कि कबाड़ी ने चाकू से हमला कर दिया। पोते को बचाने पहुंचे बुजुर्ग पर भी चाकू से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई, आरोपी मौके से फरार हो गया था।


