मायावती बोलीं सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी से कई उम्मीदवार हारे
जयपुर। राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों पर बसपा प्रमुख मायावती ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस बार राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी के 19 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं। मायावती ने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम सामने आया है।
मायावती ने आरोप लगाया कि कई बसपा उम्मीदवारों को सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी के चलते दोबारा मतगणना के दौरान महज कुछ वोटों के अंतर से जबरन हरा दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की गड़बड़ी नहीं होती तो राजस्थान में बसपा का चुनाव परिणाम और बेहतर हो सकता था।
बसपा प्रमुख ने कहा कि इससे पहले पंजाब समेत देश के कुछ अन्य राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन पहले की तुलना में बेहतर रहा है। उन्होंने इन चुनावों में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
मायावती ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी मेहनत और संगठनात्मक मजबूती के दम पर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी बसपा बेहतर परिणाम हासिल करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने का आह्वान किया।


