32 C
Lucknow
Monday, September 14, 2026

लोहिया अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़, धक्का-मुक्की से बनी हंगामे की स्थिति

Must read

फर्रुखाबाद। सोमवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने से पूरे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बना रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंच गए। पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सकों को दिखाने तक मरीजों को काफी देर तक भीड़ के बीच अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
ओपीडी में अचानक बढ़ी भीड़ के चलते पर्चा काउंटर के आसपास मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। कई मरीज जल्द पर्चा बनवाने के प्रयास में लाइन से आगे निकलने लगे, जिससे आपाधापी की स्थिति उत्पन्न हो गई। व्यवस्था बिगड़ती देख अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला और मरीजों को कतार में खड़ा करवाकर पर्चे बनवाने की व्यवस्था कराई।
मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण चिकित्सकों के कमरों के बाहर भी काफी भीड़ जमा रही। अपनी बारी को लेकर कई मरीजों के बीच कहासुनी की स्थिति बनी और धक्का-मुक्की भी हुई। इससे कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में हंगामे जैसा माहौल दिखाई दिया। सुरक्षा कर्मियों ने मरीजों और तीमारदारों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
ओपीडी में आने वाले मरीजों का कहना था कि भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें पर्चा बनवाने और चिकित्सक को दिखाने में काफी समय लग रहा है। कई मरीज अपने साथ बुजुर्ग और बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जिन्हें भीड़ के बीच परेशानी उठानी पड़ी। चिकित्सकों के कमरों के बाहर जगह कम होने के कारण मरीजों को अपनी बारी के लिए काफी देर तक खड़ा रहना पड़ा।
अस्पताल में सोमवार को मरीजों की अधिक संख्या के कारण सुबह से दोपहर तक लगातार भीड़ बनी रही। सुरक्षा कर्मी व्यवस्था बनाए रखने के लिए मरीजों को बार-बार कतार में खड़े होने के निर्देश देते रहे। अस्पताल प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए व्यवस्थाएं बनाए रखने का प्रयास किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article