नवाबगंज थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस का एक युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर वह अपने साथियों के साथ घर में घुस आया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में मधु, उनके पति गुड्डू और रागिनी घायल हो गए। मधु ने घटना की जानकारी अपनी बहन बबीता को दी। इसके बाद बबीता अपनी बेटी रागिनी के साथ मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान रागिनी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस से सभी घायलों को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गुड्डू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि करीब सात लोगों ने एकजुट होकर घर में घुसकर मारपीट की। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है। मामले में पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


