फर्रुखाबाद। सदर क्षेत्र के अर्राहपहाड़पुर में पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद आफताब हुसैन के निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी का संदेश लेकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, कमजोरों, किसानों, दलितों, वंचितों, शोषितों, अल्पसंख्यकों, बेरोजगारों, छात्रों और मजलूमों की आवाज उठाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संसद से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
लुईस खुर्शीद ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संवाद स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया जाए। बैठक में मौजूद वरिष्ठ कांग्रेसियों ने भी संगठन को मजबूत करने को लेकर अपने सुझाव रखे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर मंथन किया गया।
बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आए। पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, हाजी इस्लाम चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, शहर अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन और हाजी शादाब हुसैन समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ कांग्रेसियों ने चुनाव में एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की बात कही।
पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने 2027 के चुनाव में लुईस खुर्शीद को विधायक बनाने के लिए अभी से संगठन को मजबूत करने की बात कही। बैठक का संचालन पूर्व शहर अध्यक्ष एडवोकेट नफीस हुसैन ने किया। अंत में लुईस खुर्शीद ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के बैठक में पहुंचने पर पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद आफताब हुसैन का आभार जताया।
बैठक में अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष खालिद उस्मानी, हाजी वसीमुज्जमा खां, रिजवान अहमद ताज, खालिद खान, यूथ जिला अध्यक्ष सैय्यद अम्मार अली जैदी, उजैर खां, इलियास खान, पूर्व सभासद मुन्ना पाटू, हुसैनी टाइगर, प्रदेश सचिव हिलाल शफीकी, जिला प्रवक्ता वरुण त्रिपाठी, पूर्व शहर अध्यक्ष जीशान कुरैशी, जावेद हुसैन, मुन्नवर हुसैन, मोहसिन काजमी, सैफ हुसैन, नफीस खान, विनय तिवारी, अंशुल तिवारी, अंजू, संजय कम्बर और आब्दी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


