फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के पल्ला जटवाड़ा रेलवे रोड निवासी 60 वर्षीय संजय की देर रात अधिक शराब का सेवन करने के बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि संजय ने देर रात अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था। कुछ समय बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने उनकी स्थिति गंभीर देख तत्काल उन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।
अस्पताल की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अधिक शराब के सेवन से वृद्ध की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


