नवाबगंज। गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर नवाबगंज नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य बाजार मार्ग पर भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं। घरों में गणपति स्थापना की तैयारी कर रहे श्रद्धालु प्रतिमाएं खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
बाजार में भगवान गणेश की छोटी-बड़ी और विभिन्न डिजाइनों की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। दुकानदारों के अनुसार प्रतिमाओं की कीमत 100 रुपये से लेकर करीब 2000 रुपये तक है। श्रद्धालु अपनी पसंद और बजट के अनुसार गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी कर रहे हैं।
दुकानदार प्रमोद राठौर, रितेश राठौर, आलोक भारद्वाज और अंशुल राठौर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश चतुर्थी महोत्सव के लिए नगर में विभिन्न आकार और डिजाइन की प्रतिमाएं लाई गई हैं। पहले श्रद्धालुओं को गणेश प्रतिमा खरीदने के लिए फर्रुखाबाद जाना पड़ता था, लेकिन अब नवाबगंज में ही विभिन्न प्रकार की प्रतिमाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
दुकानदारों ने बताया कि प्रतिमाओं की बिक्री शुरू हो चुकी है। पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने और बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। गणपति स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आने लगा है।


