फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जनपद फर्रुखाबाद जिला कार्यकारिणी का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को कुसुम पैलेस में उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में महिला शिक्षकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि और कानपुर मंडल अध्यक्ष रुचि त्रिवेदी ने नवगठित कार्यकारिणी की पदाधिकारियों को प्राधिकार पत्र प्रदान कर संगठन और शिक्षिकाओं के हित में निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
नवगठित कार्यकारिणी में अंजू कटियार को संरक्षक और रीना पांडे को जिला अध्यक्ष बनाया गया। संगीता अवस्थी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दीप्ति तिवारी, श्वेता सचान और अमृता आर्य को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। श्वेता पटेल को जिला महामंत्री तथा चारु कटियार को संयुक्त मंत्री बनाया गया।
श्रद्धा पांडे और कंचन लता वर्मा को जिला मंत्री, भारती सिंह को वरिष्ठ संगठन मंत्री तथा मनीषा दुबे और मधुबाला कटियार को जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। संगीता गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष और श्वेता रानी को जिला मीडिया प्रभारी बनाया गया।
समारोह में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन महिला शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और हितों की आवाज मजबूती से उठाएगा। शिक्षिकाओं की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि महिला शिक्षकों की एकजुटता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने संगठन को जिले में मजबूत बनाने और अधिक से अधिक महिला शिक्षकों को एक मंच से जोड़ने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान महिला शिक्षकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।


