30 C
Lucknow
Friday, September 11, 2026

झुंझुनू वाली दादी जी का प्राकट्य उत्सव धूमधाम से संपन्न

Must read

 

वैदिक पूजा, मंगल-पाठ और भजन-कीर्तन से गूंजा श्रीराधा शक्ति श्याम मंदिर

फर्रुखाबाद ब्यूरो। युगल जयंती उत्सव के अंतर्गत लोहाई रोड स्थित श्रीराधा शक्ति श्याम मंदिर में भाद्रपद कृष्ण अमावस्या के अवसर पर दादी सती रानी झुंझुनू वाली का प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से देर रात तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दादी जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगला दर्शन से हुई। विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। दादी जी की चौखट पर राणी सती परंपरा के अनुसार जात पूजन कर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। इस दौरान स्वास्तिक मंगल चिह्न बनाने के साथ पुष्प, मेहंदी, रोली, चावल, नारियल और मिष्ठान अर्पित किए गए तथा मंगलसूत्र बांधकर पूजा की गई।

महिला मंडल की ओर से दादी जी की कथा, मंगल पाठ और चालीसा का पाठ किया गया। श्रीगणेश वंदना के साथ भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हुआ। ढोलक की थाप पर श्रद्धालुओं ने दादी जी की महिमा का गुणगान किया। “ज्योति तुम्हारी जलती रहे, झुंझुनू वाली दादी जी तेरी ज्योति जलती रहे” सहित विभिन्न मंगल गीतों और भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
महिला मंडल में श्रीमती शांति सिगतिया, अंजू अग्रवाल, रेणु सिगतिया, श्रुति सिंघानिया, रानी सफ्फड़, बीना जालान, वैशाली सफ्फड़, कविता और राखी अग्रवाल सहित मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने मंगल पाठ और कीर्तन में सहभागिता की।
सायंकाल दादी जी का सोलह श्रृंगार किया गया। चूड़ी, मेहंदी, काजल, गजरा, दर्पण और कंघा आदि श्रृंगार सामग्री अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर पवन अग्रवाल, सुरेंद्र सफ्फड़, हर्ष सिगतिया और अरुण जालान ने विधिवत पूजन कर दादी जी के समक्ष मनौतियां मानीं। आयोजन देर रात तक चलता रहा और अंत में शयन आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article