– सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचने के बाद पुलिस विभाग ने की कार्रवाई
– दो अन्य अधिकारियों पर जांच के आदेश
ग्रेटर नोएडा। प्रदर्शनकारी छात्र को नोटिस जारी किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में एसीपी राजीव सिसौदिया को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, छात्र को नोटिस देने वाले दारोगा शिव पांडे को भी निलंबित किया गया है।
मामला इकोटेक-1 थाने से जुड़ा है, जहां छात्र अक्षत को प्रदर्शन के संबंध में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस को लेकर मामला बढ़ा और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी छात्रों को राहत भी दी थी।
पुलिस विभाग ने मामले में एसीपी तृतीय रवि शंकर के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के खिलाफ भी जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्र को नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई में कार्यपालक मजिस्ट्रेट की भूमिका भी सामने आने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को मामले में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रदर्शनकारी छात्रों को जारी नोटिस को लेकर विवाद के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। शीर्ष अदालत ने छात्रों को राहत देते हुए उनके पक्ष में आदेश दिए थे। इसके बाद अब स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की भूमिका की जांच और कार्रवाई शुरू हुई है।


