31 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

लोहिया अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़, पर्चा काउंटर पर हंगामा

Must read

क्रासर
लाइन लगवाने में सुरक्षा कर्मियों के छूटे पसीने, चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी धक्का-मुक्की
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। सुबह से ही अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों और तीमारदारों की संख्या लगातार बढ़ती रही। पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। भीड़ बढ़ने के कारण मरीजों में अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई और कुछ देर के लिए पर्चा काउंटर पर हंगामा भी हुआ।
मरीजों का आरोप था कि पर्चा बनवाने के लिए उन्हें काफी देर तक लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। भीड़ अधिक होने के कारण कई मरीज और तीमारदार जल्द पर्चा बनवाने की कोशिश में एक-दूसरे से आगे निकलने लगे, जिससे स्थिति बिगड़ने लगी। देखते ही देखते पर्चा काउंटर के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई।
मामले की जानकारी होने पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी सक्रिय हुए और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों ने मरीजों और तीमारदारों को अलग-अलग लाइन में खड़ा कराया और बारी-बारी से पर्चे बनवाने की व्यवस्था कराई। काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
पर्चा काउंटर के बाद चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। डॉक्टर को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे मरीजों में जल्द चिकित्सक तक पहुंचने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इससे अस्पताल के गलियारों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अस्पताल में मंगलवार को बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने के कारण ओपीडी क्षेत्र में पैर रखने तक की जगह मुश्किल से दिखाई दे रही थी। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को भीड़ के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीजों को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
सुरक्षा कर्मियों ने लगातार मरीजों से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की। अस्पताल प्रशासन की ओर से भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया। हालांकि, मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्थाओं को संभालने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article