– डीएम डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता
– जच्चा-बच्चा को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव समेचीपुर चितार में राहत एवं बचाव अभियान के बीच एक सुखद खबर सामने आई। बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एक प्रसूता महिला ने बालक शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए जच्चा और बच्चे को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने प्रसूता महिला और नवजात शिशु की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में दोनों को चिकित्सकीय निगरानी एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रशासन की टीमों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
समेचीपुर चितार में प्रसव की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले ने बिना समय गंवाए आवश्यक व्यवस्था की। विषम परिस्थितियों के बावजूद महिला और नवजात को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाना प्रशासन की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बना।
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


