फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर बढ़ी मुश्किलें, राजेपुर-डबरी-जमापुर होकर गुजरेंगे वाहन
अमृतपुर: गंगा के जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी से बाढ़ का संकट एक बार फिर गहराने लगा है। फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर करीब तीन फीट पानी बहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पानी का बहाव तेज होने के कारण राजेपुर पुलिस ने एहतियातन डिप के दोनों ओर आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया है।
रास्ता बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।कुछ दिन पहले गंगा का जलस्तर घटने के बाद चित्रकूट डिप से बाढ़ का पानी उतर गया था। इसके बाद पुलिस ने यातायात बहाल कर दिया था। लेकिन अब गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने से डिप पर पानी दोबारा चढ़ गया। करीब तीन फीट पानी बहने के बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर डिप पार करने का प्रयास करते नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी।
सुरक्षा को देखते हुए राजेपुर पुलिस ने चित्रकूट डिप के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया है। राजेपुर चौराहे पर भी बैरियर लगाए गए हैं, ताकि वाहन और राहगीर चित्रकूट डिप की ओर न जा सकें। पुलिसकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है और पानी के बीच से निकलने का प्रयास करने वालों को रोका जा रहा है।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि चित्रकूट डिप पर अधिक पानी बहने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से दोनों तरफ से आवागमन बंद किया गया है। पुलिस की 24 घंटे तैनाती रहेगी। उन्होंने बताया कि फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन राजेपुर-डबरी-जमापुर मार्ग से होकर गुजरेंगे।पानी के तेज बहाव के बीच डिप पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें और बंद मार्ग से निकलने का जोखिम न उठाएं।


