30 C
Lucknow
Monday, September 7, 2026

ट्रांसफार्मर में घुसी बेकाबू कार, 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, 3 की हालत गंभीर

Must read

लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी में खीरी थाना (Khiri Police Station) क्षेत्र के ओयल कस्बे में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी छह दोस्त कार से सीतापुर जा रहे थे, इसी दौरान उनकी कार बिजली के ट्रांसफार्मर (transformer) से टकरा गई और उसमें भीषण आग लग गई।

पुलिस के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार अपने पांच दोस्तों के साथ कार संख्या UP14 BV4127 से सीतापुर के लिए निकले थे। ओयल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ पार करते हुए सड़क से नीचे खेत में जा उतरी। खेत में कार वहां रखे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बिजली के तार टूटकर कार पर गिर गए और चिंगारी उठते ही वाहन में आग भड़क गई, देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसा होते देख आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, कार चला रहे आयुष कुमार की मौके पर ही जलकर मौत हो चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि उनका शव सीट पर ही बुरी तरह जल गया था।

कार में सवार पीयूष सिंह, अमन वर्मा, शिवा सिंह, पिपरिया बाईपास निवासी आकाश वर्मा और राजापुर निवासी उत्कर्ष गंभीर रूप से झुलस गए, सभी घायलों को जिला अस्पताल ओयल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान आकाश वर्मा और शिवा सिंह ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने के कारण कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे में इस्तेमाल कार मृतक आयुष की थी या युवकों ने इसे किराए पर लिया था। कार के मालिकाना हक और उसके किराए पर लिए जाने से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।

खीरी थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि तीन का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच जारी है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article