27 C
Lucknow
Saturday, September 5, 2026

दामाद ने ससुरालियों पर धारदार हथियार से किया हमला, बीच-बचाव में दामाद की मौत, एक लापता युवक की भी मिली लाश

Must read

फतेहपुर: फतेहपुर जनपद के थाना औंग क्षेत्र के ग्राम बीकमपुर (Village Bikampur) से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी ससुराल के लोगों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव में हमलावर दामाद (Son-in-law) की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं पुलिस ने एक अन्य लापता व्यक्ति का शव भी बरामद किया है, जिससे सनसनी फैल गई है।

बता दें कि यह घटना 3 सितंबर की रात करीब 02:30 से 03:00 बजे के बीच की है। थाना औंग क्षेत्र के ग्राम बीकमपुर निवासी पवन विश्वकर्मा पुत्र रामसजीवन विश्वकर्मा, निवासी ग्राम आशापुर, थाना औंग ने अपनी ससुराल पहुंचकर ससुराल पक्ष के लोगों राजेश, राजकरन, प्रदीप, गोरे और बुद्धा पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस हमले के दौरान बीच-बचाव में पवन विश्वकर्मा खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में थाना औंग में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

जांच के दौरान एक अन्य गंभीर तथ्य प्रकाश में आया कि घटना से ठीक एक दिन पहले यानी 2 सितंबर को पवन विश्वकर्मा, राजू विश्वकर्मा को उसके पुत्र राजकरन के लिए लड़की दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद पवन अकेले वापस लौटा और राजू के बारे में पूछने पर उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। राजू के लापता होने पर थाना औंग में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी।

​आज यानी 5 सितंबर को सुबह करीब 10:14 बजे थाना कल्यानपुर पुलिस टीम को क्षेत्र के मुरादीपुर पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंसा हुआ मिला। शिनाख्त के लिए थाना औंग पुलिस से संपर्क किया गया, जिसके बाद राजू विश्वकर्मा के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त राजू विश्वकर्मा (48) पुत्र महावीर विश्वकर्मा के रूप में की। पुलिस ने राजू विश्वकर्मा के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के तहत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस दोहरे और पेचीदा मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article