अमृतपुर, फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरौर गांव निवासी 53 वर्षीय राजेश परमार के ढाईघाट के पास गंगा के बाढ़ के पानी में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद से पुलिस की मौजूदगी में उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, राजेश परमार गुरुवार रात गांव के बड़े चौहान और राजू सोमवंशी के साथ दो बाइकों से एक रिश्तेदार को शमशाबाद छोड़ने गए थे। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ढाईघाट के पास राजेश के गंगा के बाढ़ के पानी में डूबने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई। राजेश के साथ मौजूद दोनों लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किस तरह पानी तक पहुंचे और डूबने की नौबत कैसे आई।
ढाईघाट पर मौजूद एक बाबा ने भी पुलिस को बताया कि उन्होंने राजेश को एक टापू पर खड़े देखा था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने आसपास के टापुओं और बाढ़ के पानी में भी उनकी तलाश कराई। स्थानीय लोग भी खोजबीन में जुटे हैं।
शमशाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने के बाद से पुलिस की देखरेख में लगातार तलाश कराई जा रही है। साथ गए लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल राजेश के डूबने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


