27 C
Lucknow
Thursday, September 3, 2026

कान्हा बने बच्चों को योगी ने खिलाई खीर, गोद में दुलारा

Must read

 

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मथुरा पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें दुलारा। योगी ने बच्चों का झुनझुना बजाया, कान्हा के रूप में सजे बच्चों को टेडी बियर भेंट किए और गोद में लेकर खीर खिलाई। इस दौरान मथुरा की सांसद हेमा मालिनी मुस्कुराती नजर आईं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। पहले त्योहारों से पहले उपद्रव की आशंका रहती थी, अब उपद्रव से पहले व्यवस्था की तैयारी होती है। उन्होंने 2016 के जवाहर बाग कांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय मथुरा में अराजकता का माहौल था, लेकिन आज अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।

योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आस्था और आर्थिक विकास को साथ लेकर चलना है। अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे तीर्थस्थलों में विरासत और आधुनिक सुविधाओं को साथ विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और जड़ों से है तथा विकास के साथ इन्हें संरक्षित करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने मथुरा में करीब 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता भी वितरित की गई। उन्होंने वृंदावन में करीब 400 एकड़ में विकसित किए जा रहे सिटी फॉरेस्ट का भी उल्लेख किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं। पंडा-पुरोहित समाज और सपेरा समाज ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा सपेरा समाज ने उन्हें बीन भेंट की। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह कलाकारों के लिए वरदान साबित होगा।

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कुछ कांग्रेस नेताओं को नजरबंद किए जाने की बात भी सामने आई। कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के आवास पर पुलिस तैनात रही। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article