फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यक्रम स्थल में बदलाव के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने व्यवस्थाओं की कमान खुद संभाल ली। दोनों अधिकारियों ने पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर एक-एक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के साथ हेलीपैड, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और रूट डायवर्जन की स्थिति परखी। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे।
बारिश के कारण डबरी में कार्यक्रम स्थल बदले जाने के बाद प्रशासन के सामने कम समय में नई व्यवस्था खड़ी करने की चुनौती है। ऐसे में डीएम-एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियों को तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, पीडी डीआरडीए कपिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा और इंस्पेक्टर अमित गंगवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


