फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के जेएनवी रोड स्थित कोचिंग सेंटर में मुर्गा बनने से मना करने पर कक्षा आठ के छात्र को शिक्षक द्वारा 35 थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। छात्र के कान में दर्द और गाल पर सूजन आने के बाद उसके बाबा ने कोचिंग संचालक और शिक्षक के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जेएनवी रोड निवासी ओमप्रकाश त्रिपाठी ने तहरीर में बताया कि उनका पौत्र आन्जनेय त्रिपाठी सेंट एंथोनी स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है और गोविंदा कोचिंग क्लासेज में पढ़ने जाता है। आरोप है कि 26 अगस्त को टेस्ट के दौरान शिक्षक अर्पित ने छात्र से पढ़ाए गए अध्यायों की जानकारी ली। छात्र ने सात अध्याय पढ़ाए जाने की बात कही, जबकि अन्य छात्रों ने छह अध्याय बताए।
आरोप है कि इससे नाराज शिक्षक ने छात्र को गली में मुर्गा बनने के लिए कहा। छात्र के मना करने पर शिक्षक ने उसे लगातार 35 थप्पड़ जड़ दिए। इससे उसके कान में दर्द होने लगा और गाल सूज गए। घर पहुंचने पर छात्र ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बाबा शिकायत करने कोचिंग पहुंचे तो आरोप है कि संचालक सुमित यादव और शिक्षक ने उनके साथ विवाद करते हुए धमकी दी।
घटना के बाद छात्र भयभीत है। पुलिस ने कोचिंग संचालक सुमित यादव और शिक्षक अर्पित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


