फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन सितंबर को प्रस्तावित बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम का स्थल बदल दिया गया है। राजेपुर क्षेत्र के डबरी गांव में तैयार किया जा रहा मैदान मंगलवार भोर हुई तेज बारिश के बाद कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया। वाहनों के फंसने और व्यवस्थाएं प्रभावित होने के चलते प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल अब फतेहगढ़ पुलिस लाइन मैदान तय किया है।
डबरी में सोमवार को जेसीबी और रोलर से मैदान का समतलीकरण कराया गया था। इसके बाद मंच, टेंट, साउंड, कूलर और बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर समेत अन्य सामान पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह हुई बारिश से मैदान में इतना पानी और कीचड़ भर गया कि सामान लेकर पहुंचे वाहन दलदल में फंस गए। मजदूरों को रस्सियों की मदद से वाहनों को बाहर निकालना पड़ा। पानी निकालने के लिए प्रयास भी किए गए, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।
स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन मैदान में बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद डबरी से मंच और टेंट समेत अन्य सामग्री पुलिस लाइन पहुंचाई गई। वहां कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गईं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में करीब एक हजार बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित की जाएगी। प्रशासन के मुताबिक कार्यक्रम स्थल को बाढ़ राहत शिविर के रूप में तैयार किया जा रहा है।
डबरी के ग्रामीणों की उम्मीदों पर भी फिरा पानी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते डबरी गांव में स्थानीय व्यवस्थाओं के सुधरने की उम्मीद जगी थी। सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर और बठिया हटाए जा रहे थे, वहीं तिरछे बिजली के खंभों को बदलने की तैयारी थी। कार्यक्रम स्थल बदलने के बाद ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर होने वाले इन सुधारों की उम्मीदों को भी झटका लगा है।


