मैनपुरी। राजस्थान के खाटूश्याम और बालाजी के दर्शन कर वृंदावन जा रहे मैनपुरी के श्रद्धालुओं की पिकअप मंगलवार तड़के हरियाणा के पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और कई श्रद्धालु उछलकर सड़क पर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार पिकअप में मैनपुरी के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के 21 श्रद्धालु सवार थे। सभी रक्षाबंधन के मौके पर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम खाटूश्याम और बालाजी के दर्शन के बाद वे वृंदावन के लिए रवाना हुए थे।
पलवल सीमा में केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को पलवल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में विजय (75), राजकुमार (40), रेशमा (45), कमला (65), सुधा (52) और महेश (60) शामिल हैं।
झपकी बनी हादसे की वजह: प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पिकअप चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ। बताया गया कि पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर बनाया गया था, जिससे वाहन की ऊंचाई भी बढ़ गई थी।
हादसे में कई परिवारों पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विजय यादव को समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूराम यादव का भतीजा बताया गया है। वहीं, कुछ परिवारों में मां-बेटे, पति-पत्नी और अन्य करीबी रिश्तेदार हादसे का शिकार हुए हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक और पिकअप चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दोनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


