27 C
Lucknow
Tuesday, September 1, 2026

खेतों पर चोरों का कहर, 25वीं चोरी ने खोली पुलिस गश्त की पोल

Must read

 

फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र में खेतों पर रखे किसानों के पंपिंग सेट चोरों के निशाने पर हैं। करनपुर दत्त गांव में बीती रात किसान के खेत से करीब 40 हजार रुपये कीमत का पंपिंग सेट चोरी हो गया। किसान ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इलाके में पंपिंग सेट चोरी की यह 25वीं घटना बताए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

करनपुर दत्त गांव निवासी किसान राकेश पुत्र वीरपाल ने बताया कि उन्होंने खेत में सिंचाई के लिए पंपिंग सेट लगा रखा था। बीती रात अज्ञात चोर खेत पर पहुंचे और पंपिंग सेट उखाड़कर ले गए। सुबह खेत पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई तो किसान के होश उड़ गए। राकेश ने अमृतपुर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में लगातार खेतों से पंपिंग सेट चोरी हो रहे हैं। चोर कथित तौर पर टेंपो या छोटे हाथी जैसे वाहनों से पहुंचते हैं और सड़क किनारे खेतों से पंपिंग सेट उठाकर फरार हो जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि रात में पुलिस की गश्त के दावों के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं।

पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। पिछले साल कायमगंज क्षेत्र में अमृतपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान छोटे हाथी में पंपिंग सेट लादकर ले जा रहे कुछ लोगों को पकड़ा था। ग्रामीणों को आशंका है कि पंपिंग सेट चोरी करने वाला गिरोह ही लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है।

थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि पंपिंग सेट चोरी की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द चोरों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article