फर्रुखाबाद। बढ़पुर विकासखंड क्षेत्र के कटिन्ना मानिकपुर गांव में मंगलवार रात दुकान पर सामान लेने जा रही आठ वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लोहिया की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कटिन्ना मानिकपुर गांव निवासी अमन कुमार की आठ वर्षीय बेटी कविता मंगलवार रात घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी। रास्ते में अचानक सांप ने उसके पैर में डस लिया। घटना के बाद बच्ची की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन उसे निजी वाहन से लेकर जिला अस्पताल लोहिया पहुंचे।
इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रिशु अग्निहोत्री ने बच्ची की जांच के बाद उसे भर्ती कर लिया। डॉक्टर के अनुसार परिजनों ने बताया कि बच्ची को सांप ने काटा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
बच्ची के पिता अमन कुमार ने बताया कि सांप के काटने के बाद कविता की हालत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उसे तत्काल अस्पताल लाया गया। उपचार के बाद अब उसकी हालत में सुधार है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल रहा।


