27 C
Lucknow
Tuesday, September 1, 2026

आलू की बदहाली और बिजली कटौती बड़ा मुद्दा: राजपाल कश्यप

Must read

 

यूथ इंडिया कन्नौज

तीन दिवसीय PDA जन पंचायत के बाद सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, इत्र पार्क समेत विकास कार्यों पर उठाए सवाल

कन्नौज। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ राजपाल कश्यप ने कहा कि कन्नौज में किसानों, युवाओं और व्यापारियों से जुड़े कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिवसीय PDA जन पंचायत के आयोजन के बाद मंगलवार को जिला सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा।राजपाल कश्यप ने कहा कि कन्नौज की सबसे बड़ी समस्या आलू किसानों की बदहाली है। जनपद में चार लाख से अधिक किसान आलू की खेती से जुड़े हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से उन्हें आलू का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आलू की मांग और कीमत कम होने से किसान परेशान हैं। सरकार की ओर से आलू की सरकारी खरीद का आश्वासन दिए जाने के बावजूद किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।उन्होंने बिजली कटौती और लो-वोल्टेज को भी जनपद की प्रमुख समस्या बताया। कहा कि बारिश कम होने के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए बिजली की आवश्यकता है, लेकिन बिजली की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ऊर्जा मंत्री के क्षेत्र में भी बिजली को लेकर लोगों में हाहाकार है।

रोजगार को लेकर युवाओं में नाराजगी

सपा नेता ने भाजपा सरकार के रोजगार संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरियां देने का दावा करती है, लेकिन धरातल पर पर्याप्त रोजगार के अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि युवा अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और प्रदेश में बदलाव का मन बना चुके हैं।इत्र पार्क के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा-राजपाल कश्यप ने कन्नौज के इत्र उद्योग को लेकर कहा कि अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल में इत्र उद्योग को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए कई प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ फ्रांस के ग्रासे शहर गए थे और उसी तर्ज पर कन्नौज में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में इत्र पार्क की नींव रखी गई थी। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में इत्र पार्क का क्षेत्रफल घटाकर करीब 35 एकड़ तक सीमित कर दिया गया और अभी तक यह पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में कन्नौज में आलू मंडी, पैरामेडिकल कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मिल्क प्लांट,सड़क, पुल समेत कई विकास परियोजनाओं पर काम हुआ। इसके विपरीत मौजूदा समय में सड़कों की खराब स्थिति,जलभराव और जलनिकासी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य-शिक्षा के मुद्दे भी उठाए राजपाल कश्यप ने तिर्वा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति को लेकर किए जा रहे धरने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। साथ ही भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इन सभी मुद्दों का जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।प्रेस वार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, वरिष्ठ नेता जय कुमार तिवारी ‘बऊअन’, प्रदेश सचिव बंटी शर्मा, युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, यश कुमार दोहरे, राजपाल राजू,रामसेवक राजपूत, अंशू पाल,विवेक पाल, रामसेवक बाथम, नेम सिंह यादव, नितिन यादव, अजय कश्यप, वीरेंद्र कश्यप, कल्लू पाल, गुफरान अहमद, सद्दाम साबरी, बीपी यादव सहित अन्य सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article