कौशांबी में बारूद के धमाके से दहला इलाका, आठ मकान क्षतिग्रस्त; गोदाम पर चला बुलडोजर, छह के खिलाफ मुकदमा
प्रयागराज/कौशांबी। प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास कौशांबी सीमा के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें आठ बच्चे शामिल हैं। पांच लोग झुलस गए, जिनका प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई। आसपास के आठ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें तीन ढह गए। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया।
घटना के बाद पुलिस, वायुसेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब 200 जवानों ने मोर्चा संभाला। दस बुलडोजरों की मदद से मलबा हटाकर तलाश अभियान चलाया गया। कई घायलों को ग्रामीण चारपाई पर उठाकर अस्पताल तक ले गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री का लाइसेंस करीब दो साल पहले निरस्त हो चुका था। इसके बावजूद पटाखों का कारोबार कैसे चल रहा था, इसकी जांच की जा रही है। फैक्ट्री संचालक आदिल समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
हादसे के कुछ ही घंटों बाद फैक्ट्री से करीब 400 मीटर दूर स्थित गोदाम पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। वहां रखे पटाखों और अन्य सामग्री को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। डीएम अमित पाल शर्मा ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


