रात-दिन एक कर मैदान को संवार रहा पीडब्ल्यूडी, 10 ट्रैक्टर-4 जेसीबी और 50 से अधिक मजदूर मोर्चे पर
अमृतपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 सितंबर को डबरी गांव में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। सीएम के आगमन की तारीख नजदीक आते ही तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जनसभा स्थल को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए पीडब्ल्यूडी का पूरा अमला रात-दिन मैदान में जुटा है। सोमवार को 10 ट्रैक्टर, चार जेसीबी, प्रेशर रोलर और 50 से अधिक मजदूरों ने मोर्चा संभाले रखा।
इटावा-बरेली हाईवे स्थित डबरी गांव में प्रस्तावित जनसभा स्थल पर जेसीबी से लगातार समतलीकरण कराया जा रहा है। बारिश की संभावना को देखते हुए हेलीपैड पर मिट्टी डालकर उसे मजबूत किया जा रहा है, ताकि जलभराव की स्थिति में भी व्यवस्थाएं प्रभावित न हों। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एवं नोडल अधिकारी मुरलीधर और अधिशासी अभियंता अशोक कुमार की निगरानी में काम तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था भी युद्धस्तर पर तैयार की जा रही है। एसडीएम अमृतपुर श्वेता साहू ने संभावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। राजेपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए करीब 40 बीघा खेत को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। हरदोई, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
बारिश से निपटने के लिए जनसभा स्थल पर वॉटरप्रूफ कमल टेंट लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री के लिए मुख्य मार्ग से वीवीआईपी प्रवेश तथा आम लोगों के लिए डबरी संपर्क मार्ग से प्रवेश की व्यवस्था प्रस्तावित है।
सीएम के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर हर व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। मशीनों की गड़गड़ाहट और मजदूरों की लगातार मेहनत के बीच डबरी अब मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सीएम के आगमन से पहले हेलीपैड, जनसभा स्थल, पार्किंग, आवागमन और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह मुकम्मल कर ली जाएं।


