सावन विशेष संगीत गोष्ठी में गायन, नृत्य, समूहगान और तबला वादन ने बांधा समां
फर्रुखाबाद। नटराज भवन, कुचिया में ललन पिया हाजी विलायत अली संगीत अकादमी की मासिक बैठक ‘पांचाल संगीत संध्या’ के अंतर्गत सावन विशेष संगीत गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी संजय गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने गायन, नृत्य, समूहगान और वादन की विविध प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में शिवी पांडेय ने नृत्य, शानवी ने भजन गायन और शिवानी कटियार ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद कलाकारों ने सावन गीत तथा राग खमाज पर आधारित समूहगान प्रस्तुत कर वातावरण को संगीतमय बना दिया। हर्षिखा, मिष्ठी मुखर्जी, अंजली श्रीवास्तव और काव्या चतुर्वेदी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
संगीत संध्या में आशीष शुक्ला ने राग आधारित गायन, तनिषा शर्मा ने नृत्य और आस्तिकी मिश्रा ने गायन प्रस्तुत किया। वहीं अभिनव ने एकल तबला वादन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रियांशु भारद्वाज और कौशल मौर्य के गायन ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
संगीत प्रस्तुतियों में हारमोनियम पर आकर्ष शुक्ला तथा तबले पर अमन मिश्रा ने प्रभावी संगत की। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर गौरव मिश्रा, अमित सक्सेना, सुरेंद्र पांडेय, आशीष शुक्ला, आयुष शुक्ला सहित संगीत प्रेमी और अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद दीक्षित ने किया। अंत में कार्यक्रम के संयोजक आकर्ष शुक्ला ने सभी कलाकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


