मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुरशहर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बैरिया बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे (Road accidents) में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा बाल-बाल बच गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मां-बेटे स्कूटी (mother and son) से अपने किसी रिश्तेदार के घर बसैठा जा रहे थे। अनियंत्रित रफ्तार से आ रही बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला सीधे सड़क पर गिर गई और बस उनके ऊपर से गुजर गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतका की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी 55 वर्षीय तशरफ बेगम के रूप में हुई है, जो अपने 23 वर्षीय बेटे मो. मुन्ना के साथ जा रही थीं। हादसे के संबंध में बेटा मो. मुन्ना ने बताया कि सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि वह कुछ समझ ही नहीं पाया। उसकी आंखों के सामने ही बेकाबू बस ने मां को कुचल दिया।
इस दुर्घटना में मो. मुन्ना को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन मां की अचानक हुई मौत से वह गहरे सदमे में है। घटना के तुरंत बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। घटना के बाद से ही मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बैरिया के पास हुई दुर्घटना में एक महिला की जान गई है और पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
दुर्घटना को अंजाम देने वाली ‘राज बस सर्विस’ की बस और उसके फरार चालक की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और वाहन को भी जब्त कर लिया जाएगा। इस तरह की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।


