सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड कर कहा- बहुत बढ़िया किया;
राष्ट्रपति शावकत के साथ बैठक जारी
ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में योग सत्र में हिस्सा लिया और वहां मौजूद लोगों को योग के अभ्यास कराए। योग सत्र के बाद मोदी ने प्रतिभागियों के साथ सेल्फी वीडियो भी बनाया और उनसे कहा कि “आप सभी ने बहुत बढ़िया योग किया।” इस दौरान उन्होंने एक प्रतिभागी को योग करने का सही तरीका भी बताया।
दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक भी जारी है। बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और आपसी सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री शाम को ताशकंद स्थित शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र भी जाएंगे।
मोदी का यह प्रधानमंत्री के रूप में उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है। शनिवार को ताशकंद पहुंचने पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। दोनों नेता एक ही कार से एयरपोर्ट से रवाना हुए थे। मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की, जहां महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी।
उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री 31 अगस्त से एक सितंबर तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। वहां वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की 26वीं शिखर बैठक में शामिल होंगे। बैठक में सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार, संपर्क और आर्थिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य नेताओं से मुलाकात भी हो सकती है।
भारत के लिए मध्य एशिया का यह दौरा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस क्षेत्र में तेल, गैस, यूरेनियम और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों के बड़े भंडार हैं। भारत ऊर्जा जरूरतों के साथ व्यापार, परिवहन संपर्क और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को भी मजबूत करना चाहता है।


