कायमगंज। कंपिल थाना क्षेत्र के मिस्तनी बहबलपुर गांव में गुरुवार देर रात शौच के लिए घर से निकली बुजुर्ग महिला की सोता के पानी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह खमानी बाबा मंदिर के पास सोता में महिला का शव उतराता मिला।
मृतका की पहचान शांति देवी पाल के रूप में हुई है। उनके पुत्र करन सिंह पाल ने बताया कि उनकी मां गुरुवार देर रात शौच के लिए घर से निकली थीं। घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित सोता के पानी में वह किसी तरह डूब गईं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे खमानी बाबा मंदिर के पास सोता में शांति देवी का शव उतराता मिला। परिजनों ने शव को पानी से बाहर निकाला। परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।
शांति देवी के पति रामेश्वर पाल का पहले ही निधन हो चुका है। उनके छह पुत्र पप्पू उर्फ राजेश, लाल सिंह, करन सिंह, अमर सिंह, अतर सिंह और विजय सिंह हैं। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
सिवारा चौकी प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।


