फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन के पर्व पर बहन से राखी बंधवाने के लिए निकले 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम साहबगंज निवासी प्रभात चौहान शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल से अपनी बहन माधुरी के घर बहजोई जा रहे थे। कासगंज जिले के पटियाली-बदायूं मार्ग पर कादरगंज पुल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
प्रभात की मौत की खबर जैसे ही साहबगंज गांव पहुंची, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस भाई के बहन के घर पहुंचने और राखी बंधवाने का इंतजार हो रहा था, उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां छोटी बिटिया, बहनें माधुरी और ममता तथा छोटे भाई रौनक का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार प्रभात अविवाहित थे और परिवार की खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटाते थे। उनके पिता महेश चंद्र चौहान नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रभात मिलनसार और मेहनती स्वभाव के युवक थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


